करंट लगने के बाद काफी देर तक तार से लटका रहा व्यक्ति
रानीगंज: रानीगंज के तिलक रोड इलाके में 11 हजार वोल्ट के ट्रांसफार्मर के संपर्क में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. स्थानीय लोगों के अनुसार, तिलक रोड क्षेत्र में एक ट्रांसफार्मर का बिजली का तार कथित तौर पर काफी नीचे लटक रहा था और वह हाथ की पहुंच के भीतर था.
बताया जाता है कि इसी दौरान एक व्यक्ति किसी तरह उक्त तार के संपर्क में आ गया.करंट लगने के बाद वह काफी देर तक बिजली के तार से लटका रहा.बाद में किसी तरह उसकी कलाई तार से छूट गयी और वह नीचे जमीन पर गिर पड़ा. घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा ओबीसी मोर्चा के नेता संजय सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे. उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.
हालांकि, घायल व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी थी. वह 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार के संपर्क में कैसे आया और ट्रांसफार्मर का तार इतनी नीचे हाथ की पहुंच तक कैसे लटक रहा था, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत है. लोगों ने बिजली के तारों और ट्रांसफार्मर की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल जांच कराने तथा लटकते तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर करने की मांग की है.



0 टिप्पणियाँ