निमचा कोलियरी में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाये आरोप
रानीगंज-कोयला श्रमिक संगठन एचएमएस के सदस्यों को हाउसिंग कमेटी की बैठक में जाने से रोकने और रास्ते में उनके साथ दुर्व्यवहार व धक्का-मुक्की करने का आरोप बीएमएस समर्थकों पर लगा है.शनिवार को ईसीएल के कुनुस्टोरिया एरिया अंतर्गत निमचा कोलियरी क्षेत्र में दोनों श्रमिक संगठनों के सदस्यों के बीच हुई झड़प और मारपीट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गयी.
जानकारी के अनुसार, निमचा कोलियरी के जल टंकी के समीप एचएमएस के कुछ कार्यकर्ता क्षेत्र में आवास संबंधी समस्याओं और उनके समाधान को लेकर ईसीएल प्रबंधन के साथ बैठक करने जा रहे थे. आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद बीएमएस समर्थकों ने उन्हें रोक लिया. एचएमएस का आरोप है कि बीएमएस समर्थकों ने उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए संगठन छोड़ने और नेता की तरह व्यवहार नहीं करने की चेतावनी दी तथा धक्का-मुक्की की
इधर, बीएमएस की ओर से आरोप लगाया गया कि एचएमएस समर्थकों ने देश विरोधी नारे लगाये और उनके संगठन के खिलाफ भी नारेबाजी की. इसी कारण उनका विरोध किया गया और भविष्य में भी विरोध जारी रखने की बात कही गयी.
वहीं, एचएमएस समर्थकों ने बीएमएस पर जातिगत टिप्पणी कर संगठन को कमजोर करने का आरोप लगाया. उनका दावा है कि इससे पहले भी कई बार बीएमएस समर्थकों ने उनके कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया है.इस संबंध में पहले मौखिक रूप से पुलिस को शिकायत दी गयी तथा बाद में रानीगंज थाने के निमचा फांड़ी में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी.
प्रशासन ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है.


0 टिप्पणियाँ