एसआरईआइ ऋण धोखाधड़ी से जुड़ी जांच में प्रमोटरों और संबंधित संस्थाओं के परिसरों की तलाशी
कोलकाता : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कोलकाता जोनल कार्यालय ने श्री इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस लिमिटेड (SIFL) और श्री इक्विपमेंट फाइनेंस लिमिटेड (SEFL) से जुड़े कथित ऋण धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई की है. ईडी ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के प्रावधानों के तहत ओडिशा के एआरएसएस ग्रुप (ARSS Group) और एएमआर/एएमआरएल ग्रुप (AMR/AMRL Group) के प्रमोटरों तथा उनसे जुड़ी संस्थाओं के कई ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया.
ईडी की कार्रवाई एआरएसएस ग्रुप के पूर्व प्रमोटर परिवार के सदस्यों अनिल अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, सुनील अग्रवाल और सुभाष अग्रवाल तथा एएमआर/एएमआरएल ग्रुप के प्रमोटर महेश कुमार रेड्डी अल्थुरु से जुड़े परिसरों में की जा रही है.
जांच एजेंसी के अनुसार, मामला कथित तौर पर एसआईएफएल और एसईएफएल से फर्जी एवं अनियमित तरीके से ऋण प्राप्त करने, ऋण की अदायगी में अनियमितता, धन की हेराफेरी, डायवर्जन और राउंड-ट्रिपिंग तथा संदिग्ध तरीके से ऋण को एवरग्रीन करने समेत अन्य वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा है.
ईडी की इस कार्रवाई के बाद संबंधित कॉर्पोरेट समूहों और कारोबारी जगत में हलचल तेज हो गयी है. तलाशी अभियान के दौरान दस्तावेजों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. हालांकि, छापेमारी से जुड़ी विस्तृत बरामदगी या आगे की कार्रवाई के संबंध में एजेंसी की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है.

0 टिप्पणियाँ