नंदीग्राम: नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान के पक्ष में प्रचार शुरू होने से पहले पुलिस द्वारा दो लोगों को हिरासत में लिये जाने का कांग्रेस ने आरोप लगाया है। कांग्रेस के अनुसार, लेखक व समाजसेवी मानिक फकीर तथा मतुआ समुदाय के प्रमुख चेहरों में शामिल कांग्रेस नेता सुकृति रंजन विश्वास को नंदीग्राम थाना पुलिस ने हिरासत में लिया।
बताया गया कि दोनों को चंडीपुर स्थित एक गेस्ट हाउस से हिरासत में लेकर नंदीग्राम थाने लाया गया। इसके बाद दोनों को लालबाजार ले जाने की प्रक्रिया शुरू की गयी। हालांकि बाद में सुकृति रंजन विश्वास को छोड़ दिया गया, जबकि मानिक फकीर को पुलिस लालबाजार ले गयी।
प्राथमिक तौर पर आशंका जतायी जा रही है कि मानिक फकीर को वर्ष 2007 के एक पुराने मामले के सिलसिले में हिरासत में लिया गया है। हालांकि इस संबंध में जिला पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
हिरासत में लिये जाने पर मानिक फकीर ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी कांग्रेस के बढ़ते जनसमर्थन से घबरा गये हैं और इसी वजह से कांग्रेस के प्रचार में बाधा उत्पन्न की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डरने की जरूरत नहीं है। नंदीग्राम में कांग्रेस जीत की ओर बढ़ रही है।

0 टिप्पणियाँ