दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस ने निकाला विरोध मार्च, SIR को लेकर चुनाव आयोग पर उठाये सवाल
कोलकाता : मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस की ओर से रविवार को विरोध मार्च निकाला गया। 28 सितंबर को देशव्यापी कांग्रेस के विरोध कार्यक्रम के तहत कोलकाता में भी पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की भूमिका और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाये।
दक्षिण कोलकाता जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में निकाले गये मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की तथा चुनाव आयोग की हालिया कार्यप्रणाली पर अपनी आपत्ति जतायी।
SIR को लेकर चुनाव आयोग के भीतर मतभेद संबंधी एक समाचार रिपोर्ट सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हुआ है। विपक्षी दल आयोग की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, चुनाव आयोग का कहना है कि आंतरिक चर्चा में अलग-अलग राय होना स्वाभाविक है और सभी फैसले कानूनी प्रक्रिया के तहत लिये गये हैं।
इससे पहले 25 सितंबर को भी कांग्रेस ने कोलकाता में चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च निकाला था, जिसे पुलिस ने बीच रास्ते रोक दिया था। रविवार के प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची संशोधन की प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की।


0 टिप्पणियाँ