रानीगंज- लायंस क्लब ऑफ रानीगंज के सहयोग से शाईनश्री की ओर से लायंस क्लब परिसर में ‘बैटल ऑफ फ्रीडम-सीजन 4’ डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से 500 से अधिक प्रतिभागियों के पहुंचने से कार्यक्रम युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा. प्रतियोगिता में बच्चों से लेकर युवाओं तक ने विभिन्न नृत्य शैलियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
प्रतियोगिता को ब्रेकिंग किड्स, ब्रेकिंग सीनियर, ओपन स्टाइल तथा 3-ऑन 3 ब्रेकिंग सहित चार वर्गों में आयोजित किया गया.पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों के साथ 12 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया. प्रत्येक प्रतिभागी को अपनी प्रस्तुति के लिए एक मिनट का समय दिया गया. प्रतिभागियों ने शानदार डांस, कलाबाजी, शारीरिक संतुलन और लयबद्ध प्रस्तुति से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं.
शाईनश्री के संस्थापक श्रीकांतो पाल ने बताया कि प्रतियोगिता में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, असम, लखनऊ और उत्तर-पूर्व भारत समेत देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभागी पहुंचे.प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में पोपिल ब्रिजे,बी बॉय जेने,लील जॉर्डन,डी जे अरुण,बी बॉय श्री ,ब्लैक ड्राप समेत देश के विभिन्न हिस्सों के चर्चित नृत्य कलाकार शामिल रहे. श्रीकांतो पाल ने स्वयं भी निर्णायक की भूमिका निभायी.
कार्यक्रम में लायंस क्लब ऑफ रानीगंज के अध्यक्ष सज्जन टिबरेवाल, सचिव सुभाष केजरीवाल, पूर्व सचिव राजेश जिंदल समेत शाईनश्री के सदस्य मौजूद रहे.
राजेश जिंदल ने कहा कि ब्रेकिंग और फ्रीस्टाइल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि इसके लिए नियमित अभ्यास, फिटनेस, शारीरिक संतुलन और कठिन प्रशिक्षण की जरूरत होती है. ऐसे आयोजन युवाओं को मोबाइल की दुनिया से बाहर निकालकर रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देते हैं.
सुभाष केजरीवाल और राजेश जिंदल ने कहा कि रानीगंज में राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों और प्रतिभागियों का जुटना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने श्रीकांतो पाल और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लगातार चौथे वर्ष आयोजित हो रही प्रतियोगिता का दायरा हर वर्ष बढ़ रहा है और यह रानीगंज के युवाओं के लिए बेहतर अवसर बन रही है.




0 टिप्पणियाँ