रानीगंज- भारत विकास परिषद, रानीगंज शाखा की ओर से सोमवार को कुमार बाजार स्थित स्वामी विवेकानंद सेवा केंद्र में 50 विधवाओं के बीच एक माह का नि:शुल्क राशन एवं बारिश के मौसम को देखते हुए छाते वितरित किए गए. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आसनसोल रामकृष्ण मिशन के स्वामी सौमात्मानंद जी महाराज थे. उनके अलावा स्वामी विवेकानंद सेवा केंद्र के स्वामी सुब्रतानंद जी महाराज, भाजपा नेता तुषार कांति बनर्जी, देवजीत खां, दिनेश सोनी सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद थे. भारत विकास परिषद की ओर से अध्यक्ष प्रदीप बाजोरिया, सचिव दीपक जालान, सलाहकार प्रदीप सराफ, अरुमय कुंडु, कोषाध्यक्ष गोपाल खेड़िया, दिनेश गुप्ता और बलराम रॉय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.
भारत विकास परिषद के अध्यक्ष प्रदीप बाजोरिया ने कहा कि परिषद पिछले दो दशकों से अधिक समय से शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है.उन्होंने बताया कि संगठन की कोशिश है कि विधवा महिलाओं को हर महीने राशन उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि सेवा केंद्र में परिषद की ओर से नियमित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाता है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों का इलाज करते हैं तथा जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाती हैं. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी परिषद समाजसेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रखेगी.




0 टिप्पणियाँ