जामुड़िया। थाना मोड़ भक्तवृंद के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अखंड हरिनाम अष्टजाम संकीर्तन के अवसर पर शुक्रवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और हरिनाम संकीर्तन के बीच निकली इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।


कलश यात्रा की शुरुआत थाना मोड़ स्थित दुर्गा मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालु बाजार क्षेत्र से होते हुए 11 नंबर काली मंदिर पहुंचे, जहां विधिवत पूजा के बाद पवित्र जल भरा गया। इसके उपरांत श्रद्धालु पुनः आयोजन स्थल पर लौटे और विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गई।


यात्रा के दौरान महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया, जबकि युवाओं और बुजुर्गों ने भी पूरे उत्साह के साथ अपनी सहभागिता निभाई। हरिनाम संकीर्तन और जयघोष से पूरे मार्ग में धार्मिक माहौल बना रहा।


आयोजन समिति के सदस्य बिनोद साव ने बताया कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना के साथ दो दिवसीय अखंड हरिनाम अष्टजाम संकीर्तन का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में विभिन्न स्थानों से आई कीर्तन मंडलियां लगातार 24 घंटे तक हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत करेंगी। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की गई है।


इस अवसर पर चंदन गांधी, अशोक नोनिया, पप्पू पंडित, नरेश नोनिया, रंजीत गांधी, पवन नोनिया, अबोध गुप्ता, अशोक सिंह, यजमान अनिल साव, आचार्य लक्ष्मी झा, राजेश शर्मा, केदार शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।