रानीगंज- रानीगंज लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल में सामाजिक विज्ञान (क्लस्टर-1) विषय पर तीन दिवसीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया. कार्यशाला में प्राथमिक एवं मध्य स्तर के शिक्षकों ने भाग लिया। इसमें 6 प्रशिक्षकों एवं 43 प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता रही.
कार्यशाला के दौरान प्रयोगशाला आधारित शिक्षण, मानचित्र की मूलभूत जानकारी, प्रभावशाली प्रश्न निर्माण, कहानी कहने एवं सुनने की कला, नवाचारी शिक्षण पद्धतियों तथा सामाजिक विज्ञान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए आई) के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को बच्चों में जिज्ञासा, अवलोकन क्षमता एवं रचनात्मक सोच विकसित करने के आधुनिक तरीकों से अवगत कराया.
दूसरे दिन शिक्षकों को मानचित्र अध्ययन एवं विद्यार्थियों की तार्किक सोच को विकसित करने वाले प्रश्न तैयार करने की विधियां सिखाई गईं. वहीं अंतिम दिन कहानी आधारित शिक्षण, समूह प्रस्तुति और रचनात्मक गतिविधियों पर विशेष सत्र आयोजित हुआ.
कार्यशाला में भाग लेने वाले शिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.विद्यालय की प्राचार्या मंदिरा दे ने बताया कि क्षेत्रीय अधिकारी पापिया मुखर्जी के मार्गदर्शन में भविष्य में भी इस प्रकार की कार्यशालाएं आयोजित होती रहेंगी, जिससे शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों से और अधिक दक्ष बनाया जा सके.




0 टिप्पणियाँ