रानीगंज- शहर में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ रविवार को रानीगंज यूथ जिम्नेजियम क्लब की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई.इस रैली में करीब 250 युवाओं ने भाग लेकर समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया.
रैली की शुरुआत यूथ जिम्नेजियम परिसर से हुई, जो नेताजी सुभाष मोड़ पहुंची. यहां युवाओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद रैली रानीगंज बाजार होते हुए रानीगंज थाना पहुंची, जहां क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर नशे, अवैध शराब, जुआ, ध्वनि प्रदूषण और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
इस मौके पर क्लब प्रमुख दिवाकर चक्रवर्ती ने कहा कि रानीगंज ही नहीं, बल्कि जिले के कई शहरों के युवा नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है और हाल ही में रानीगंज थाना पुलिस ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थ भी बरामद किए थे, लेकिन समाज में जागरूकता फैलाना भी जरूरी है.
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा जिंदगी को बर्बाद कर देता है. संजय दत्त जैसे उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इच्छाशक्ति से नशे की लत छोड़ी जा सकती है और सामान्य जीवन में वापसी संभव है.
रैली के बाद क्लब पदाधिकारियों ने समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत पर जोर दिया.





0 टिप्पणियाँ