रानीगंज- पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा (वेस्ट बेंगाल जे ई ई 2026) रविवार को रानीगंज के दो परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुई, लेकिन भीषण गर्मी और उमस के बीच बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों की परेशानी बढ़ा दी.
रानीगंज गर्ल्स कॉलेज में 420 तथा त्रिवेणी देवी भालोटिया कॉलेज में 440 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी. राज्य के विभिन्न जिलों और पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं परीक्षा देने पहुंचे थे.
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्रों पर गर्मी से राहत के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई थी. टीडीवी कॉलेज परिसर में पर्याप्त जगह होने के बावजूद वाहनों को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई, जिसके कारण लोगों को सड़क किनारे धूप में वाहन खड़े करने पड़े। वहीं पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था भी नदारद रही.
एक अभिभावक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रचंड गर्मी को देखते हुए कॉलेज प्रशासन को कम से कम पानी और छाया की व्यवस्था करनी चाहिए थी.
परीक्षार्थियों ने भी कई समस्याओं की शिकायत की. उनका कहना था कि टिफिन ब्रेक के दौरान बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई. सुरक्षा नियमों के तहत मोबाइल और घड़ी ले जाने पर रोक थी तथा केवल पारदर्शी बोतल में पानी ले जाने की अनुमति दी गई थी.
इस अव्यवस्था को लेकर परीक्षार्थियों और अभिभावकों में कॉलेज प्रशासन के खिलाफ काफी नाराजगी देखी गई.


0 टिप्पणियाँ