रानीगंज-रानीगंज शहर के रजवार बस्ती के लोगों ने बस्तीवासियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के लिए सफाई अभियान चलाकर स्वतंत्रता दिवस मनाया.बुधवार को पश्चिम बंगाल बस्ती उन्नयन समिति रानीगंज शहर कमेटी की ओर से आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 90 के रेलवे लाइन के बगल में बनी रजवार बस्ती में डेंगू और मच्छर जनित बीमारियों के बारे में जानकारी दी गयी और पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया. इस संस्था के कार्यकर्ता ब्लीचिंग पाउडर के साथ हस्तलिखित पोस्टर लेकर सफाई अभियान पर निकले. झुग्गीवासियों की शिकायत है कि निगम झुग्गियों की सफाई नहीं करा रहा है, नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही है, जिससे वहां पानी जमा हो रहा है. झुग्गीवासियों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि साधन के अभाव में वे बदबूदार माहौल में रहने को मजबूर हैं. इस अभियान में संगठन के जिला सचिव संजय प्रमाणिक, जिला नेता सौमित्र सिन्हा, पूर्व पार्षद मागाराम बाउरी एवं काफी संख्या में झुग्गी-झोपड़ीवासी उपस्थित थे. जिला सचिव ने कहा कि बस्ती सफाई कार्यक्रम पूरे जिले में चलाया जायेगा.


0 टिप्पणियाँ