रानीगंज- भाजपा कार्यकर्ता राजेन्द्र साव की हत्या की मामला गरमाता जा रहा है. राजेंद्र साव की हत्या के एक दिन बाद मृत कार्यकर्ता का शव घर आने से पहले भाजपा की प्रदेश नेत्री तथा विधायक अग्निमित्रा पाल मृतक भाजपा कार्यकर्ता के परिजनों से मिलने पहुंची. उन्होंने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री पर तंज कसा, इस घटना के लिए मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराया और दावा किया कि भले ही राज्य भर में एक के बाद एक हत्याएं और दुखद घटनाएं हुई हैं, लेकिन मुख्यमंत्री नए सिद्धांतों को गढ़कर सभी घटनाओं को छोटा करने की कोशिश कर रही हैं. इस संबंध में उन्होंने कई घटनाओं का हवाला देते हुए मांग की कि मुख्यमंत्री को इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लेनी चाहिए . हालांकि उनके परिवार के सदस्यों ने सीबीआई जांच की मांग नहीं की, लेकिन अग्निमित्रा पाल ने घटना की सीबीआई जांच की मांग की. उन्होंने कहा गृह मंत्री अमित शाह से भेंट करेगी एवं राज्यपाल से मिलकर इस मामले की सीबीआई जांच की मांग करेंगी. साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन को 48 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार करने की चेतावनी दी. चेतावनी दी कि अगर इस दौरान आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे बड़ा आंदोलन करेंगी. विधायक ने कहा कि उनको राज्य की पुलिस और ममता बैनर्जी पर भरोसा नहीं है क्योंकि वह हर समय झूठ बोलकर किसी भी मामले को घुमा देती हैं . उन्होंने कहा कि 8 तारीख को गृहमंत्री अमित शाह प्रदेश में आएंगे 9 तारीख को उनसे वह मिलेंगी और इस मामले में सीबीआई जांच की मांग करेंगी. विधायक ने आरोप लगाया कि बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से टूट गई है . पुलिस अपने राजनीतिक आकाओं के इशारों पर काम करती है. उन्होंने साफ कहा कि भाजपा यह कत्तई बर्दाश्त नहीं करेगी कि उनके कार्यकर्ताओं की इतनी निर्ममता से हत्या कर दी जाए. अग्निमित्र पाल ने कहा कि अभी हाल ही में उनके विधानसभा क्षेत्र में 14 वर्षीय लड़के शुभम तथा इंजीनियरिंग की छात्रा कोयल हांसदा की हत्या कर दी गई . स्थानीय लोगों को आशंका है कि कोयल का बलात्कार भी हुआ था लेकिन अभी तक उन मामलों में भी किसी को गिरफ्तार नही किया जा सका है.

0 टिप्पणियाँ