रानीगंज-रानीगंज प्रखंड के एगरा ग्राम के चाषा पाड़ा इलाके की एक गृह वधू का रहस्यमई तरीके से शव मिलने से इलाके में उत्तेजना फैल गयी. विवाह के केवल 9 महीने ही बीते थे, और ऐसी घटना के कारण लोग अचंभे में हैं. मृतका के मायके वालों का कहना है कि उनकी 26 वर्षीय पुत्री नूपुर को उसके ससुराल वाले मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देते थे, जिससे हमारी बेटी ने परेशान होकर आत्महत्या करने का फैसला ले लिया और अपनी जान दे दी. उन्होंने बताया कि 2021 के 14 दिसंबर को उनकी बेटी नूपुर नाथ की शादी पास के मुहल्ले के रमन मंडल नामक एक ट्यूशन टीचर के साथ हुई थी. पिछले 5 वर्षों से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था,जिसके बाद परिवार वालों की रजामंदी से उनकी शादी हुई. जब शादी हुई थी तब नूपुर के ससुराल वालों कि कोई भी दहेज की मांग नहीं थी, मगर विवाह के बाद मेरी बेटी के ससुराल वालों का लालच बढ़ रहा था, वह रह-रहकर दहेज की मांग कर रहे थे. इतना ही नहीं रमन हमारी बेटी नूपुर के ऊपर तरह तरह के आरोपों को लगाकर उस पर शक करता, और उनके बीच का विवाद इतना बढ़ गया था कि नूपुर एक समय अपना ससुराल छोड़ मायके वापस आ गई थी.मगर रमन अपनी पत्नी को वापस मनाकर ससुराल लेकर गया, उसके बाद प्रताड़ना और भी चरम सीमा तक आ गई. नूपुर के मायके वालों ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बेटी के ऊपर ससुराल वालों ने इस हद तक अत्याचार किया के उसे आत्महत्या के अलावा दूसरा रास्ता नहीं सूझा, जिसके बाद शुक्रवार को नूपुर ने आत्महत्या कर ली. इस घटना में नूपुर के पिता समर नाथ ने रानीगंज थाना में अपने दामाद रमन मंडल, उसके पिता पतित पावन मंडल, उसकी मां और उसके भाई काशीनाथ मंडल और उसकी पत्नी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. घटना की खबर पाते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया. सूत्रों के अनुसार इस मामले की खबर मजिस्ट्रेट को भी पहुंचाई गई है.वहीं पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं.


0 टिप्पणियाँ