रानीगंज:- मनरेगा के तहत सौ दिन रोजगार में काम करने के बाद पिछले कई महीनों से वेतन नहीं मिलने के आरोप पर श्रमिकों ने सोमवार को जेमेरी ग्राम पंचायत का घेराव कर पंचायत प्रधान शिल्पी माजी को ज्ञापन सौंपा. इस संबंध में सौ दिन रोजगार के तहत कार्य करने वाली श्रमिक अंजना रुइदास एंव सती रुइदास ने कहा कि जेमेरी ग्राम इलाके में एक सौ दिन रोजगार के तहत तालाब काटने का उन्होंने कार्य किया था.कार्य पूरा होने के तीन से चार महीना बीतने के बाद भी उन्हें उनका वेतन का भुगतान नहीं किया गया है. वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.उन्होंने कहा कि लगभग 60 से 70 श्रमिकों का वेतन अभी तक बकाया है. पंचायत कार्यालय की ओर से हर बार सिर्फ उन्हें आश्वाशन दिया जा रहा, इसलिये विवश होकर आज पंचायत कार्यालय का घेराव किया गया. वहीं इस संबंध में पंचायत प्रधान शिल्पी माजी ने कहा कि इस दिशा में पंचायत की ओर से हर संभव प्रयास किया जा रहा है, परंतु उच्च अधिकारियों के कारण वेतन अभी तक नहीं मिल सका है. उन्होंने कहा कि इसे लेकर पुनः उच्च अधिकारियों को सूचित किया जाएगा एंव उम्मीद है कि 31 मार्च तक सभी श्रमिकों को बकाया भुगतान कर दिया जाएगा.

0 टिप्पणियाँ