रानीगंज-दामोदर नदी से एक बार फिर से ईसीएल प्रबंधन को बालू निकालने की अनुमति मिल गई है ,जिससे ईसीएल के कोयला उत्पादन बढ़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है. पिछले 2 साल से भी ज्यादा समय से पर्याप्त मात्रा में बालू ना मिलने की वजह से कोयला खनन के क्षेत्र में ईसीएल अधिकारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. इस विषय को लेकर कई बार राज्य सरकार के साथ बैठक करने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं निकला. इस बार फरवरी महीने के अंत में नदी से बालू निकालने की अनुमति राज्य सरकार की तरफ से मिल गई है. शुक्रवार ईसीएल अधिकारियों को रानीगंज के टिराट अंचल के दामोदर नदी से बालू के सैंपल संग्रह करते देखा गया. ईसीएल के सतग्राम एरिया, कुनूस्तुरिया एरिया, श्रीपुर एरिया सहित ईसीएल के कई इलाके में दामोदर नदी से बालू संग्रह कर कोयला खनि के गर्भ को भरने का काम किया जाता है, लेकिन काफी समय से कोरोना काल और बारिश की वजह से बालू निकालने का काम बंद था ,लेकिन अब नए टेंडर के माध्यम से किसी और को बालू निकालने की अनुमति राज्य सरकार के विशेष विभाग की तरफ से मिल गई है. बता दें कि हर एक कोलियरी में रोजाना लगभग 50 गाड़ी से अधिक बालू भराई के काम में लगाया जाता है. सैंपल लेने गए अधिकारियों ने बताया कि अगर बालू निकालने में कोई समस्या ना हुई तो एक बार फिर से कोयला उत्पादन की मात्रा बढ़ जाएगी.

0 टिप्पणियाँ