आसनसोल : विभिन्न होटलों, रेस्टोरेंटों, स्टॉलों में अब बासी, दूषित खाना परोसना नहीं चलेगा। इस पर अब जिला प्रशासन सख्ती दिखाते हुए कार्यवाही करने की तैयारी कर रहा है। इसे लेकर राज्य के फूड सेफ्टी कमिश्नर तुषार कांति रूद्र की उपस्थिति में पश्चिम बर्दवान जिला शासक एस अरुण प्रसाद की अध्यक्षता में आसनसोल जिला शासक कार्यालय में फूड सेफ्टी को लेकर शुक्रवार को एक बैठक की गई। बैठक में शिल्पांचल में विभिन्न होटलों व बाजारों में बेचे जानेवाली खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच एवं सेफ्टी लाइसेंस तथा सेफ्टी रजिस्ट्रेशन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन द्वारा फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स का प्रारंभ करने का फैसला लिया गया।
बैठक में जिला शासक एस अरुण प्रसाद ने फूड सेफ्टी विभाग अधिकारियों को विभिन्न रेस्टोरेंट और होटलों में भोजन की जांच करने का निर्देश दिया। लोगों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच की बात कही गई। साथ ही कहा गया कि मिलावटी व निम्न स्तरीय भोजन से लोगों के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स का प्रारंभ होने जा रहा है। सरकार की ओर से इस वाहन में लेबोरेटरी, इंटरनेट आदि की व्यवस्था की गई है। शिकायत मिलने पर सेफ्टी ऑन व्हील्स बाजार में उक्त दुकान के पास जाकर उसकी खाद्य सामग्री की जांच कर साथ ही सूचना दे देगी कि खाने की गुणवत्ता ठीक है कि नहीं। इस विषय पर सीएमओएच डॉ. शेख मोहम्मद युनूस ने कहा कि राज्य में खाद्य सामग्री की जांच करने के लिए चार लेबोरेटरी बनायी जा रही है जिसमें एक पश्चिम बर्दवान जिले में बनेगी। अतिशीघ्र जिले में लेबोरेटरी खुलने जा रही है। मौके पर अतिरिक्त जिला शासक डॉ. अभिषेक शेवाले, डिप्टी सीएमओएच डॉ. अनुराधा दे सहित फूड सेफ्टी अधिकारी उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ